अब्दुल मुईद खान, फर्रुखाबाद (कमालगंज), Nit. :
बीते लगभग 11 दिन पूर्व ब्रेन हेमरेज के चलते आगरा में भर्ती करायी गयी महिला की बीते दिन मौत हो गयी। उसके शव को आगरा में ही दफना दिया गया है। लेकिन उसकी कोरोना रिपोर्ट मौत के बाद पॉजिटिव मिली है। उसके साथ ही घर के लोगों के भी नमूने लिए गये है।
थाना क्षेत्र के एक गाँव निवासी महिला को बीते 3 अप्रैल को आगरा के भगवान टॉकीज स्थित एक अस्पताल में ब्रेन हैमरेज की शिकायत पर भर्ती किया गया था। उसका उसी अस्पताल में इलाज चल रहा था। मिली जानकारी के मुताबिक अस्पताल में कई लोगों के पॉजिटिव होंने से अस्पताल में भर्ती महिला का बीते रविवार को सैम्पल लिया गया था। बीते सोमवार दोपहर लगभग 1 बजे उसकी ब्रेन हैमरेज के चलते अस्पताल में ही मौत हो गयी। सोमवार रात लगभग 10 बजे महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव मिली।
आगरा जिला प्रशासन के द्वारा उसके शव को वहीं कब्रिस्तान में दफना दिया गया। इसके साथ मृतका के पति का भी नमूना लिया गया। पति अभी वापस घर नही लौटा। वही महिला की मौत की सूचना पर उसके गाँव से परिजन आगरा पंहुचे। लेकिन उन्हें उसका शव देखने को नही मिला। जिसके बाद परिजन घर लौट आये। इसकी सूचना अधिकारियों को मिलने पर स्वास्थ्य टीम गाँव पंहुची और मृतका के परिजनों को कोरनटाइन कराने के लिए ले गयी।
एसडीएम सदर अनिल कुमार ने महिला की मौत और उसके कोरोना पॉजिटिव होनें की जानकारी से अनभिज्ञता जाहिर की। उन्होने बताया कि महिला की मौत होनें की उन्हें जानकारी नही है। उन्होंने बताया कि महिला के परिजन आगरा के पारस अस्पताल गये थे। सुरक्षा के लिहाज से परिजनों को विशेष निगरानी में रखा जायेगा। उनकी जाँच भी करायी जायेगी और कोरनटाइन किया जायेगा। अभी खतरे की बात नही है। फ़िलहाल सब सामान्य है।
Follow on Social Media